स्वतंत्र बोल
रायपुर ,16 मई 2026: सुशासन तिहार के बीच मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai का अचानक जांजगीर-चांपा जिले के कोसला धाम पहुंचना चर्चा का विषय बन गया। मुख्यमंत्री के अचानक दौरे की खबर मिलते ही इलाके में हलचल बढ़ गई और मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु व ग्रामीण जुट गए।
मुख्यमंत्री साय पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कोसला स्थित प्रसिद्ध माता कौशल्या मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए प्रार्थना भी की।
पारंपरिक लोकनृत्य से हुआ स्वागत
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर सेवा समिति और ग्रामीणों ने पारंपरिक लोकनृत्य और उत्साहपूर्ण माहौल में उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान वित्त मंत्री OP Choudhary भी उनके साथ मौजूद रहे।
मंदिर समिति ने रखी बड़ी मांग
मंदिर सेवा समिति की ओर से मुख्यमंत्री को माता कौशल्या मंदिर का आकर्षक छायाचित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया। इसी दौरान समिति के सदस्यों ने केंद्र सरकार की प्रसाद योजना में कोसला धाम को शामिल करने की मांग उठाई और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
श्रद्धालुओं से किया सीधा संवाद
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का अवलोकन करने के साथ वहां मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत भी की। उनके अचानक आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोग लंबे समय तक मंदिर परिसर में जुटे रहे।


