स्वतंत्र बोल
रायपुर, 13 मई 2026: राजधानी रायपुर के चर्चित ज्वेलरी चोरी मामले में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग आरोपी की मौत हो गई। शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में लाखों रुपए की चोरी की जांच कर रही पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची, तभी घटनाक्रम ने ऐसा मोड़ ले लिया जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम पूछताछ और जांच के लिए नाबालिग के घर पहुंची थी। उसी दौरान आरोपी कथित तौर पर घबरा गया और तेजी से अपने कमरे में चला गया। बताया जा रहा है कि उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब घरवालों और पुलिस को शक हुआ तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाबालिग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही DCP मयंक गुर्जर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के मुताबिक मृतक नाबालिग के खिलाफ पहले से चोरी, चाकूबाजी और मारपीट समेत कई मामले दर्ज थे।
दरअसल, पूरा मामला शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई लाखों की चोरी से जुड़ा है। दुकान संचालक वंश कुमार मुरपानी ने थाना खम्हारडीह में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 मई की रात दुकान बंद कर घर गए थे। 11 मई की सुबह जब दुकान खोली गई तो शटर के दोनों ताले टूटे मिले और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और बिस्किट गायब थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने खुद मौके का निरीक्षण किया था। इसके बाद 40 सदस्यीय विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले और 50 से अधिक पुराने आरोपियों की जांच की। लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने 10 घंटे के भीतर एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया था।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी। उसने मंदिर हसौद के हर्ष ज्वेलर्स और अभनपुर क्षेत्र में भी चोरी और चोरी के प्रयास की जानकारी दी थी। फिलहाल मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
अब नाबालिग की मौत के बाद यह मामला और संवेदनशील हो गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर आरोपी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के पीछे कोई और वजह तो नहीं थी। पूरे घटनाक्रम ने शहर में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


