स्वतंत्र बोल
राजनांदगांव,14 मई 2026: जिले के गैंदाटोला में शराब दुकान को लेकर विवाद अब खुलकर सड़क पर आ गया है। गुरुवार सुबह से तीन गांवों के ग्रामीण शराब दुकान बंद कराने की मांग को लेकर बच्चों और महिलाओं के साथ धरने पर बैठ गए। गांव में बढ़ते विरोध और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक लुलीकसा, लोनाटोला और कोयलारी समेत आसपास के कई गांवों के लोग शराब दुकान के विरोध में एकजुट हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शराब दुकान खुलने के बाद गांव का माहौल खराब हो रहा है और इसका असर परिवारों और बच्चों पर पड़ रहा है।
धरने में बड़ी संख्या में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिन्होंने प्रशासन से दुकान तत्काल बंद कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वे पहले भी लिखित रूप से प्रशासन को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
हालांकि इस पूरे विवाद में एक नया मोड़ भी सामने आया है। जहां आसपास के गांव शराब दुकान के खिलाफ लामबंद हैं, वहीं गैंदाटोला के कुछ लोग इसके समर्थन में दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गैंदाटोला के निवासियों ने शराब दुकान संचालन के लिए सहमति भी जताई थी। इसी वजह से अब गांवों के बीच मतभेद और गहरा गया है।
शराब दुकान को लेकर बने समर्थन और विरोध के इस टकराव ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
फिलहाल प्रदर्शनकारी ग्रामीण शराब दुकान बंद होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं, जबकि प्रशासन पूरे मामले में स्थिति संभालने की कोशिश में जुटा हुआ है।


