स्वतंत्र बोल
कांकेर 17 नवंबर 2026: कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का डम्प मिला है। ग्राम मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में मिले इस डम्प से एक भरमार बंदूक, विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सली सामान बरामद किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान सुरक्षा बलों को नक्सल डम्प मिला।
डम्प से क्या-क्या मिला?
सुरक्षा बलों ने मौके से एक भरमार बंदूक, करीब एक किलो संदिग्ध आईईडी मैकेनिज्म, लगभग एक किलो गन पाउडर और दो डेटोनेटर बरामद किए। इसके अलावा अन्य नक्सली सामग्री भी मिली है।सुरक्षा के मद्देनजर आईईडी और अन्य विस्फोटक पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत की गई।


