IPL सट्टे का ‘डिजिटल साम्राज्य’ ध्वस्त… 1.15 करोड़ के खेल का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार

स्वतंत्र बोल
महासमुंद, 27 अप्रैल 2026:
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने आईपीएल ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े और संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई ने पूरे प्रदेश में चल रहे डिजिटल सट्टा रैकेट की परतें खोल दी हैं, जिसमें अब तक 1.15 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन का खुलासा हुआ है।

पुलिस ने इस कार्रवाई में मास्टरमाइंड एडमिन समेत कुल 6 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रायपुर और बेमेतरा से जुड़े आरोपी भी शामिल हैं। यह गिरोह लंबे समय से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए आईपीएल मैचों पर अवैध सट्टा चला रहा था।

जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क UNCLEBAT9, UNCLE777, Grand777, PowerExch, WazirExch, Classic7777, GrandExch और God777 जैसे कई ऑनलाइन पैनलों के जरिए संचालित हो रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार अपना लोकेशन बदलकर काम कर रहे थे ताकि किसी भी तरह की ट्रैकिंग से बच सकें।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट और 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके साथ ही करीब 1.15 करोड़ रुपये के ऑनलाइन सट्टे से जुड़े रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं, जबकि कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य एडमिन निशांत नागवानी इन पैनलों का संचालन करता था और आईडी बेचने का काम भी उसी के जरिए किया जाता था। वहीं अन्य आरोपी सट्टे की रकम के लेनदेन और नेटवर्क को चलाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

महासमुंद पुलिस ने इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क के और भी लिंक सामने आ सकते हैं, जिसकी जांच लगातार जारी है।

यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टेबाजी के बढ़ते डिजिटल नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार मानी जा रही है, जिसने पूरे सिस्टम को हिला कर रख दिया है।