खेत में मौत का कहर… एक ही पल में खत्म हुईं 10 गायें, आसमान से गिरी ऐसी आफत कि सहम उठा पूरा गांव

स्वतंत्र बोल
बलौदाबाजार 23 जून 2026:  जिले के कसडोल विकासखंड अंतर्गत नागेड़ी ग्राम पंचायत में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। तेज बारिश और गरज-चमक के बीच खेत में चर रही 10 गायों की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और पशुपालकों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ad

जानकारी के अनुसार, सोमवार 22 जून को क्षेत्र में अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज बारिश के साथ आसमान में लगातार गर्जना हो रही थी। इसी दौरान खेत में चर रही गायें बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ी हो गईं। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यही जगह कुछ ही क्षणों में उनके लिए मौत का कारण बन जाएगी।

youtube

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिरी और उसकी चपेट में आई सभी 10 गायों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले सब कुछ खत्म हो चुका था।

एक साथ 10 गायों की मौत से संबंधित पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन गांव के कई परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। ऐसे में इस प्राकृतिक आपदा ने प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मृत गायों को देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। पूरे गांव में इस हादसे की चर्चा है और लोग अब भी घटना से सहमे हुए हैं।

ग्रामीणों और प्रभावित पशुपालकों ने शासन-प्रशासन से उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि प्राकृतिक आपदा से हुए इस बड़े नुकसान की भरपाई के लिए सरकार को जल्द राहत राशि प्रदान करनी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिल सके।