गुम हुए मोबाइलों का रहस्य आखिर खुला, 4 राज्यों में फैला नेटवर्क… पुलिस ने एक झटके में 52 फोन कर दिए बरामद

स्वतंत्र बोल
सुकमा, 05 मई 2026:  गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को लेकर परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सुकमा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।

ad

पुलिस के अनुसार, ये मोबाइल सिर्फ जिले तक सीमित नहीं थे, बल्कि छत्तीसगढ़ के साथ-साथ ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे सीमावर्ती राज्यों तक फैले हुए थे। लंबी ट्रैकिंग और तकनीकी जांच के बाद इन सभी मोबाइलों को खोज निकाला गया।

youtube

इस पूरी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह और अभिषेक वर्मा, साथ ही उप पुलिस अधीक्षक मोनिका श्याम के निर्देशन में साइबर सेल की एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम का नेतृत्व साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कश्यप ने किया।

साइबर टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइल नंबर और IMEI नंबर को ट्रैक कर एक-एक फोन की लोकेशन का पता लगाया और उन्हें बरामद किया। 5 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सुकमा में एक कार्यक्रम के दौरान ये सभी मोबाइल उनके मालिकों को सौंप दिए गए।

अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बताया और पुलिस टीम का आभार जताया।

गौरतलब है कि इससे पहले भी 6 जनवरी 2026 को सुकमा पुलिस ने 112 मोबाइल फोन बरामद कर लौटाए थे, जिनकी कीमत करीब 16.50 लाख रुपये थी। लगातार मिल रही इन सफलताओं से साइबर सेल की कार्यशैली और तकनीकी दक्षता पर भरोसा और मजबूत हुआ है।