स्वतंत्र बोल
रायपुर 05 मई 2026: छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में लंबे समय से चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। महिला कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर जारी सस्पेंस के बीच पार्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए विधायक संगीता सिंहा को छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
इस संबंध में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस (AICC) की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। इस नियुक्ति के साथ ही महिला कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं और कयासों का दौर भी थम गया है।
दरअसल, पिछले कुछ समय से इस पद को लेकर कई नाम चर्चा में थे। इनमें पूर्व विधायक चन्नी साहू का नाम भी प्रमुख रूप से लिया जा रहा था, जिससे राजनीतिक हलकों में कयास और तेज हो गए थे। हालांकि, अंतिम समय में पार्टी नेतृत्व ने संगीता सिंहा पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंप दी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फूलों देवी नेताम हाल ही में राज्यसभा सदस्य चुनी गई हैं। उनके संसद जाने के बाद संगठन में नए नेतृत्व और जिम्मेदारियों को लेकर बदलाव की जरूरत महसूस की जा रही थी।
ऐसे में यह नियुक्ति न सिर्फ संगठनात्मक संतुलन बनाए रखने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है, बल्कि आने वाले समय में महिला कांग्रेस की रणनीति और सक्रियता को भी नया आयाम दे सकती है।



