63 कामों का लोकार्पण, 54 का भूमिपूजन; सूरजपुर में कहां-कहां होंगे विकास कार्य?

1793189589 e3b54076f387fb8efa60 copy 1250x675

स्वतंत्र बोल
रायपुर 28 अक्टूबर 2026:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले को 232 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम में 24 करोड़ 29 लाख रुपये के 63 पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही 208 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत के 54 कार्यों का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर नगर पंचायत में 2 करोड़ 70 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा भी की।

ad

घोषित कार्यों में मंगल भवन के पास डोम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये, इंडोर स्टेडियम के लिए 50 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक 10, 11 व 12 से विश्रामगृह तक करीब दो किलोमीटर लंबी बीटी सड़क के लिए एक करोड़ 20 लाख रुपये शामिल हैं।

youtube

जल संरक्षण के 2,212 कार्यों पर खर्च होंगे 130.56 करोड़

मुख्यमंत्री ने जल संचय जनभागीदारी अभियान में सूरजपुर जिले की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने बताया कि अभियान में सूरजपुर प्रदेश में पहले और देश में चौथे स्थान पर है। उन्होंने जिले के नागरिकों, कलेक्टर और जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, जिले में जल संरक्षण और संवर्धन से जुड़े बुनियादी ढांचे के 2,212 कार्यों पर करीब 130 करोड़ 56 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों का उद्देश्य वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना, भूजल स्तर सुधारने में मदद करना और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता बढ़ाना है।

साय ने कहा कि बदलते वर्षा चक्र, गिरते भूजल स्तर और पेयजल की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए जल संरक्षण जरूरी है। वर्षा जल का संचयन और पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।

विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरगुजा और बस्तर सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं को साकार करने के लिए काम कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और दूसरी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास में कमी नहीं आने दी जाएगी। क्षेत्र की जरूरतों और जनप्रतिनिधियों की मांगों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

साय ने यह भी कहा कि एक साथ बड़ी संख्या में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन जिले की प्रगति को गति देगा। इनसे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

मौसम के कारण कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने प्रतिकूल मौसम के कारण प्रेमनगर में कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाने पर क्षेत्रवासियों से खेद जताया। उन्होंने कहा कि वे प्रेमनगर के लोगों से सीधे मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन मौसम की बाधा के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन की सराहना की।

किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का जिक्र

मुख्यमंत्री ने किसानों की आर्थिक स्थिति और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की खुशहाली और समृद्धि के लिए काम किया जा रहा है।

साय ने बताया कि राज्य सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीद रही है। किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्रों को मंजूरी दी गई है। इससे किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने और खरीदी केंद्रों पर अनावश्यक इंतजार करने से राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को धान की अंतर राशि भी एकमुश्त दी जा रही है।