स्वतंत्र बोल
रायपुर, 13 मई 2026: राजधानी रायपुर में बदमाशों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। पार्टी करने के लिए तीन युवकों ने एक युवक को बीच रास्ते में रोककर पहले मारपीट की, फिर उसे बंधक बनाकर जबरदस्ती ATM तक ले गए। वहां भी आरोपी नहीं रुके। युवक को धमकाते हुए उसके खाते से 10 हजार रुपए निकलवा लिए गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कुशालपुर निवासी विशाल सोनकर एक निजी कंपनी में काम करता है। 8 मई की रात वह टिकरापारा इलाके से शंकरनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान साहू भवन के पास मौजूद एक पान ठेले पर वह रुका था। तभी वहां विशाल बृजवानी उर्फ दीनू अपने दो साथियों के साथ पहुंचा।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बिना किसी बात के युवक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब विशाल ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद तीनों आरोपी युवक को जबरदस्ती उसी की मोपेड पर बैठाकर पास के ATM तक ले गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि ATM के अंदर भी युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने उसे इतना डरा दिया कि उसने अपने खाते से 10 हजार रुपए निकालकर उन्हें दे दिए। रुपए लेने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए और युवक को वहीं छोड़ दिया।
घटना के बाद डरे-सहमे युवक ने टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मुख्य आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले से 5 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस कमिश्नर को उसके खिलाफ जिला बदर की अनुशंसा भी भेजी गई है।
फिलहाल मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। राजधानी में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने देर रात अकेले सफर करने वालों की चिंता और बढ़ा दी है।


