स्वतंत्र बोल
रायपुर 13 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जनजातीय समाज के विकास को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनजातीय समुदाय की शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक स्थिति में हो रहे सुधार से कांग्रेस को पीड़ा हो रही है। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए. मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश से नक्सलवाद के सफाए की दिशा में काम हुआ है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी नक्सलियों को अपना रोल मॉडल बताया था, वे आज भाजपा और प्रधानमंत्री पर आरोप लगा रहे हैं।
अटल सरकार से मोदी सरकार तक जनजातीय योजनाओं का जिक्र
केदार कश्यप ने कहा कि देश में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में हुआ था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस मनाने का फैसला किया और धरती आबा के नाम से विशेष योजना शुरू की। मंत्री के मुताबिक, इस योजना से हजारों गांव जुड़े हैं और देश की करीब आधी जनजातीय आबादी यानी लगभग 6 करोड़ लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। कश्यप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में जनजातीय समुदाय की उन्नति के लिए ठोस योजनाएं नहीं बनाई गईं। उन्होंने कहा कि पहले जनजातीय समाज के लोगों को दिल्ली और मुंबई ले जाकर केवल नचाने का काम किया जाता था। अब यह समुदाय शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पुरानी राजनीति अब नहीं चलेगी।
15 नवंबर को धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय आयोजन
केदार कश्यप ने प्रदेशवासियों से 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में परिवार के साथ शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय महानायकों और शूरवीरों की गाथाओं को लोगों तक पहुंचाने और उनके गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान बढ़ाने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की है। इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ नेता, मंत्रिमंडल के सदस्य और जनजातीय समाज के लिए काम करने वाले प्रमुख प्रबुद्धजन भी मौजूद रहेंगे।
युवाओं से भी की भागीदारी की अपील
मंत्री कश्यप ने प्रदेश की जनता और युवाओं से जनजातीय गौरव दिवस का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय महापुरुषों की जीवनी से प्रेरणा लेकर आने वाली पीढ़ी को मजबूत बनाया जाना चाहिए।


