एग्जाम हॉल के अंदर कैसे पहुंचा डिजिटल कैमरा? जांच में सामने आई ऐसी लापरवाही कि शिक्षा विभाग ने एक साथ 5 कर्मचारियों को कर दिया सस्पेंड

स्वतंत्र बोल
महासमुंद,  13 मई 2026:
  छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से बोर्ड परीक्षा के दौरान हुई एक बड़ी लापरवाही ने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है। परीक्षा केंद्र के भीतर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए केंद्र अध्यक्ष समेत 5 सरकारी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला सामने आते ही पूरे शिक्षा विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ad

जानकारी के मुताबिक, मामला महासमुंद जिले के भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 का है। यहां बोर्ड परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया में गंभीर चूक सामने आई। आरोप है कि एक छात्रा नियमों को धता बताते हुए डिजिटल कैमरा लेकर परीक्षा कक्ष तक पहुंच गई।

youtube

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि छात्रा ने परीक्षा हॉल के भीतर वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी की। बाद में यह रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। वीडियो वायरल होते ही अधिकारियों के बीच खलबली मच गई और तत्काल जांच के आदेश दिए गए।

जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में परीक्षा केंद्र पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही उजागर हुई। रिपोर्ट में कहा गया कि ड्यूटी में गंभीर चूक हुई है और सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। इसके बाद लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने इसे गंभीर कदाचार मानते हुए कार्रवाई की।

निलंबित किए गए कर्मचारियों में केंद्र अध्यक्ष गंगा प्रसाद पटेल, सहायक केंद्र अध्यक्ष अनिरूद्ध भोई और दिनेश कुमार दास, पर्यवेक्षक दुर्गाप्रसाद पटेल तथा नियमित भृत्य विजिया बुड़ेक शामिल हैं।

आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में सभी कर्मचारियों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय महासमुंद तय किया गया है। साथ ही विभाग ने डीईओ को निर्देश दिया है कि सात दिनों के भीतर सभी संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आरोप पत्र का प्रारूप संचालनालय को भेजा जाए।

इस घटना के बाद अब परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है।