सौरभ चंद्राकर के बाद अब रवि उप्पल पर कार्रवाई, क्या भारत आएगा महादेव ऐप का दूसरा आरोपी?

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 4 नवंबर 2026:
 महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के सह-संचालक और प्रमुख आरोपी रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की खबर है। हालांकि, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की ओर से भारत सरकार को अब तक इसकी आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। भारतीय जांच एजेंसियों को अनौपचारिक माध्यमों से गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) उसे भारत लाने की तैयारी में जुटे हैं।

ad

यह घटनाक्रम अंतरराष्ट्रीय सट्टेबाजी नेटवर्क के आरोपी सौरभ चंद्राकर के ओमान से भारत प्रत्यर्पण के करीब पांच दिन बाद सामने आया है। जांच एजेंसियां अब रवि उप्पल के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने में जुटी हैं। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी की UAE की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

youtube

पहले भी दुबई में हिरासत में लिया गया था रवि उप्पल

भिलाई निवासी रवि उप्पल पर दुबई से महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का संचालन करने का आरोप है। उसके खिलाफ अक्टूबर 2023 में इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। दिसंबर 2023 में दुबई में उसे हिरासत में लिया गया था। हालांकि, करीब 45 दिन बाद उसे रिहा कर दिया गया। इसके बाद जनवरी 2024 में ED ने उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था।

सौरभ चंद्राकर 8 दिन की CBI रिमांड पर

महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को बुधवार को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर भेजने की मंजूरी दी है। साथ ही CBI को उसे दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति भी मिल गई है।

अब CBI की टीम दिल्ली में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ करेगी। एजेंसी उससे महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन, कथित सट्टेबाजी नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और सिंडिकेट से जुड़े लोगों के बारे में सवाल कर सकती है।

सौरभ की रिमांड मिलने और रवि उप्पल की गिरफ्तारी की खबर के बाद महादेव ऐप मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई आगे बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, रवि उप्पल की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।