स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 4 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में देर रात घर से बाहर जाने से रोकने पर एक पोते ने अपनी 65 वर्षीय दादी की हत्या कर दी। आरोपी ने खाट के पाए से बुजुर्ग महिला के सिर पर कई वार किए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद वह कमरे में दादी के शव के पास बैठा रहा। फिर खुद फोन कर अपने पिता और रिश्तेदार को वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी का है।
पुलिस के मुताबिक, सतनामीपारा निवासी नरबदा कोशले अपने पोते मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले के साथ रहती थीं। उनके पति तिरिथराम का निधन हो चुका है। उनका बेटा साजन कोशले परिवार के साथ रोजी-रोटी कमाने के लिए उंटी गया हुआ था। इस वजह से घर में दादी और पोता ही रहते थे।
रात में बाहर जाने से रोकती थीं दादी
बताया गया है कि माता-पिता के बाहर रहने के दौरान बब्बू देर रात तक घर से बाहर घूमता रहता था। उसकी इस आदत से दादी परेशान थीं। वह उसे गलत संगत से बचाने के लिए समझाती थीं और रात में बाहर जाने से मना करती थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
बीती रात भी दादी ने उसे देर रात बाहर जाने से रोका। इससे नाराज होकर बब्बू ने घर में रखे खाट के पाए से उन पर हमला कर दिया। उसने उनके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से नरबदा की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद पिता और रिश्तेदार को किया फोन
वारदात के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और दरवाजा अंदर से लॉक कर दिया। वह दादी के शव के पास ही बैठा रहा। इसके बाद उसने अपने पिता साजन कोशले और दादी के भाई भगवत महिलांगे को फोन किया। फोन पर उसने बताया कि उसने दादी की हत्या कर दी है। उसने इसकी वजह भी बताई और कहा कि दादी उसे रोज रात में बाहर जाने से रोकती थीं।
आरोपी का फोन आने के बाद भगवत महिलांगे मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने खिड़की से अंदर झांका तो कमरे में नरबदा कोशले का शव पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत पुलिस और डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
सूचना मिलने पर पचपेड़ी पुलिस की टीम गांव पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपी ने दरवाजा खोला और खुद बाहर आकर पुलिस वाहन में बैठ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद और हत्या के पीछे के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


