स्वतंत्र बोल
बलौदाबाजार,02 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने ही पति को मौत के घाट उतारने के लिए ऐसा खौफनाक प्लान बनाया, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।
यह मामला थाना पलारी क्षेत्र के ग्राम बिनौरी का है, जहां 29 मार्च की रात राम कुमार साय का शव उसके घर के पास खेत में मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती रिपोर्ट में ही खुलासा हो गया कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई हत्या है।
जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक की पत्नी पर गया। जब उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने जो सच बताया, उसने पूरे मामले को पलटकर रख दिया। महिला ने कबूल किया कि उसने अपने भाई और भतीजे के साथ मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक शराब का आदी था और नशे की हालत में आए दिन पत्नी के साथ मारपीट और विवाद करता था। इतना ही नहीं, वह अपनी ही बेटी पर बुरी नजर रखता था, जिससे पूरा परिवार भय और तनाव में जी रहा था।
इन हालातों से तंग आकर महिला ने अपने बड़े भाई और भतीजे के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत 29 मार्च को जैसे ही राम कुमार साय घर लौटा, तीनों पहले से तैयार थे। मौका मिलते ही जब वह घर से लगे खेत की ओर गया, तो तीनों ने मिलकर गमछे से उसका गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी मीना बाई साय, उसके भाई महावीर साय और भतीजे वैभव उर्फ अंशु बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
यह घटना न सिर्फ एक हत्या की कहानी है, बल्कि उन हालातों की भी झलक दिखाती है, जहां घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना आखिरकार एक खौफनाक अंजाम तक पहुंच जाती है।


