स्वतंत्र बोल
रायपुर 19 सितम्बर 2026 : छह माह की महज दो किलो वजनी बिल्ली ने करीब 10 सेंटीमीटर लंबा पूरा पेन निगल लिया। पेन उसकी खाने की नली में फंस गया था। इसके चलते बिल्ली तीन दिनों से ठीक से खाना-पीना नहीं कर पा रही थी। पशु चिकित्सकों ने बिना चीरफाड़ के एंडोस्कोपी के जरिए करीब आधे घंटे में पेन बाहर निकाल दिया। अब बिल्ली पूरी तरह स्वस्थ है।
वेटनरी सर्जन डॉ. पदम जैन ने बताया कि बिल्ली के मालिक मयंक त्रिपाठी उसे लेकर उनके पास पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि बिल्ली की तबीयत खराब है और वह कुछ खा-पी नहीं पा रही है। मालिक को आशंका थी कि बिल्ली ने पेन निगल लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल एक्स-रे कराया। जांच में खाने की नली यानी ओसॉफेगस में धातु जैसी वस्तु फंसी दिखाई दी।
एक्स-रे में सिर्फ धातु का हिस्सा दिखा
एक्स-रे में पहली नजर में ऐसा लगा कि पेन का सिर्फ आगे वाला धातु का हिस्सा खाने की नली में फंसा है। हालांकि, जांच से यह साफ नहीं हो सका कि अंदर कितनी बड़ी वस्तु मौजूद है।
ऐसे में डॉक्टरों ने विदेशी वस्तु को बाहर निकालने के लिए एंडोस्कोपी करने का फैसला किया। इस प्रक्रिया में कैमरे वाली पतली नली के जरिए खाने की नली के अंदर जाकर फंसी वस्तु को देखा और निकाला जाता है।
कैमरा अंदर पहुंचा तो सामने आया पूरा पेन
एंडोस्कोपी शुरू होने के बाद डॉक्टरों को पूरा मामला दिखाई दिया। कैमरे से खाने की नली के अंदर देखने पर पता चला कि वहां केवल धातु का हिस्सा नहीं, बल्कि करीब 10 सेंटीमीटर लंबा पूरा पेन फंसा हुआ था।
दो किलो वजन और छह माह की उम्र वाली इतनी छोटी बिल्ली के इतने लंबे पेन को निगल लेने की बात देखकर चिकित्सक भी हैरान रह गए।
डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी के जरिए पेन बाहर निकाल दिया। यह पूरी प्रक्रिया करीब आधे घंटे में पूरी हुई। बिल्ली अब पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है।


