राशन कार्ड पर मंडराया संकट… एक गलती और बंद हो सकता है अनाज, प्रशासन की सख्त चेतावनी

स्वतंत्र बोल
मनेन्द्रगढ़,03 अप्रैल 2026: जिले में राशन कार्ड धारकों के लिए एक अहम और सतर्क कर देने वाली खबर सामने आई है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अब सभी हितग्राहियों के लिए eKYC कराना अनिवार्य कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि तय समय-सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर राशन मिलने में बाधा आ सकती है।

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, नया रायपुर से जारी निर्देशों के अनुसार जिले के सभी राशन कार्डधारियों को eKYC कराना जरूरी है। हालांकि 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को इस प्रक्रिया से छूट दी गई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग अब भी इस प्रक्रिया से दूर हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

जिला प्रशासन द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे इस कार्य को हल्के में न लें और जल्द से जल्द अपना eKYC पूरा कर लें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।

eKYC प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए प्रशासन ने दो विकल्प दिए हैं। हितग्राही अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान यानी राशन दुकान में जाकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा “मेरा eKYC” मोबाइल एप के माध्यम से भी घर बैठे यह काम किया जा सकता है। इसके लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर या अन्य जरूरी पहचान दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य होगा।

प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर eKYC नहीं कराया गया, तो सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला राशन और अन्य लाभ प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में लापरवाही सीधे तौर पर गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर भारी पड़ सकती है।

अब सवाल यह है कि क्या सभी हितग्राही समय रहते इस जरूरी प्रक्रिया को पूरा कर पाएंगे या फिर एक छोटी सी चूक हजारों लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन जाएगी।