स्वतंत्र बोल
रायपुर 10 नवंबर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिबेट की चुनौती देने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने जवाब दिया है। रायपुर उत्तर से विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी को ‘दिमागी नक्सली’ बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से बहस करने से पहले राहुल गांधी भाजपा के किसी छोटे कार्यकर्ता या उनसे खुद बहस कर लें।
पुरंदर मिश्रा बोले- राहुल गांधी के मनोभाव में नक्सली है
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, “पप्पू भाई, मोदी जी ने आपको दिमागी नक्सल नहीं कहा है।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी विक्षिप्त मानसिकता जाहिर की है। उनके मनोभाव में नक्सली है। इसका मतलब राहुल गांधी दिमागी नक्सली हैं।
राहुल गांधी को डिबेट के लिए दी चुनौती
पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी को बहस की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से बहस करने की बात बाद में करें। पहले भाजपा के किसी छोटे कार्यकर्ता या उनसे खुद बहस कर लें।
पीएम मोदी ने बस्तर में किया था ‘दिमागी नक्सल’ का जिक्र
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली के अवसर पर बस्तर पहुंचे थे। यहां उन्होंने जवानों के साथ दीपावली मनाई और उन्हें मिठाई बांटी थी। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद के खात्मे का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि हथियारबंद माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है, लेकिन नक्सलवाद का खतरा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया था कि ‘दिमागी नक्सली’ राजनीतिक दलों समेत कई संगठनों में घुसपैठ कर चुके हैं और लोगों को संविधान व लोकतंत्र के खिलाफ भड़काने का काम कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी थी बहस की चुनौती
प्रधानमंत्री के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर राहुल गांधी ने पलटवार किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती दी थी। राहुल गांधी ने कहा था कि इस मुद्दे पर बहस होनी चाहिए कि देश में कौन देशद्रोही है और कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है। इसी बयान के बाद पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें अपने साथ बहस करने की चुनौती दी है


