शराब के नशे में घर पहुंचा बेटा और मांगने लगा खाना, फिर जो हुआ उसे सुनकर कांप जाएगी रूह

Ashpur hatya

स्वतंत्र बोल
जशपुर 10 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में खाना नहीं मिलने की बात पर हुए विवाद के बाद बेटे ने अपनी मां पर अधजली लकड़ी से हमला कर दिया। उसने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। मां को बचाने आई बहन पर भी आरोपी ने हमला किया। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर लिया है।

ad

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली इलाके का है। मृतका की पहचान वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है। आरोपी रोशन मिंज शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। वह हॉस्टल में रहता है।

youtube

शराब पीकर घर पहुंचा था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर की रात रोशन दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद घर पहुंचा था। वहां उसने मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने की बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद के दौरान आरोपी ने घर के चूल्हे के पास रखी अधजली लकड़ी उठाई और मां पर हमला कर दिया। उसने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

मां को बचाने आई बहन पर भी हमला

घटना के दौरान आरोपी की बहन घर में सो रही थी। मां पर हमला होते देख वह बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया।

इसके बाद आरोपी अपने छोटे भाई के पास पहुंचा और खाना नहीं बचाने की बात को लेकर उसे धमकाया। वारदात के बाद वह मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया।

घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया। वहां उनका इलाज शुरू किया गया।

इलाज के दौरान महिला की मौत

घटना के अगले दिन 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे मृतका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित ने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर वह जिला अस्पताल पहुंचे। पत्नी से बातचीत के दौरान उन्हें घटना की पूरी जानकारी मिली।

इसके बाद वह अपनी बेटी की दवाई लेने घर चले गए। जब वापस अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि वेनेदिक्ता कुजूर की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पति की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ा

पुलिस ने जांच के दौरान 9 नवंबर को रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शराब पीकर घर पहुंचने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल अधजली लकड़ी को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।