थाना बना छावनी, सड़क पर उतरा गुस्सा! आरंग में मारपीट के बाद भड़का बवाल, वायरल VIDEO ने बढ़ाई टेंशन

स्वतंत्र बोल
आरंग 16 मई 2026:आरंग में शनिवार को अचानक हालात उस वक्त बिगड़ गए, जब सैकड़ों की संख्या में सतनामी समाज के लोग आरंग थाने के बाहर जमा हो गए और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरा थाना परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर तैनात करना पड़ा।

ad

पूरा विवाद कथित गौ सेवक गोल्डी शर्मा और उसके साथियों पर लगे मारपीट के आरोप को लेकर शुरू हुआ। समाज के लोगों का आरोप है कि ग्राम गुदगुदा निवासी बलराम कुर्रे के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की गई, बल्कि थाने के सामने ही उसके साथ मारपीट भी की गई।

youtube

वायरल VIDEO के बाद भड़का गुस्सा

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला और गर्मा गया। वायरल वीडियो में कथित तौर पर गोल्डी शर्मा को बलराम कुर्रे के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करते देखा जा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि अगर यह घटना थाने के सामने हुई, तो फिर मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की?

इसी सवाल को लेकर सतनामी समाज में भारी नाराजगी फैल गई। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में समाज के लोग आरंग थाना पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।

पुलिस पर संरक्षण देने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस कथित गौ सेवक गोल्डी शर्मा को संरक्षण दे रही है। समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की है कि गोल्डी शर्मा और उसके साथियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में FIR दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए।

थाने के बाहर लगातार बढ़ती भीड़ और बिगड़ते माहौल को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। पूरे थाना परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

बंद कमरे में चल रही बातचीत

तनाव को कम करने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सतनामी समाज के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बैठक कर रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण Abhishek Kumar Jha ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल आरंग में माहौल बेहद संवेदनशील बना हुआ है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।