बच्चों को सुलाकर मौत का खेल… फिर पति-पत्नी ने लगा ली फांसी! दुर्ग के बंद कमरे में मिली 4 लाशों से सनसनी

स्वतंत्र बोल
दुर्ग, 22 मई 2026:  छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर स्थित एक घर में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। पति-पत्नी की लाश फांसी के फंदे पर झूलती मिली, जबकि दोनों मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। शुरुआती जांच में बच्चों को नींद का इंजेक्शन देकर मौत के घाट उतारने की आशंका जताई जा रही है।

ad

मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), बेटी दृष्णा साहू (13 वर्ष) और बेटे यशांत साहू (10 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गोविंद साहू सुपेला स्थित एक शेयर ट्रेडिंग फर्म में प्राइवेट नौकरी करता था।

youtube

जानकारी के मुताबिक बीती रात परिवार के रिश्तेदार पुरी, ओडिशा से दुर्ग पहुंचे थे। सभी ने साथ बैठकर मिठाई और आइसक्रीम खाई, जिसके बाद परिवार अपने कमरे में सोने चला गया। लेकिन सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। अंदर का नजारा देखते ही चीख-पुकार मच गई।

कमरे के भीतर पति-पत्नी की लाश फांसी के फंदे पर लटक रही थी, जबकि दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार नोट में पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। बच्चों की मौत कैसे हुई, उन्हें इंजेक्शन किसने दिया और परिवार ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इन सभी सवालों के जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएंगे।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। एक साथ चार मौतों ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।