स्वतंत्र बोल
रायपुर 18 अगस्त 2026 राजधानी रायपुर में पुलिस ने कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत और उत्तरप्रदेश निवासी और फोक सिंगर नेहा राठौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोप है कि उन्होंने भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया और उसे स्वतंत्रता दिवस के दिन की घटना के तौर पर पेश किया.
15 अगस्त की रात को नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें चंद्राकर और अन्य लोग कुरुद में भाजपा का झंडा फहराते दिखाई दे रहे थे. उन्होंने दावा किया था कि यह घटना स्वतंत्रता दिवस के दौरान की है. उन्होंने लिखा था, “यह वीडियो छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का है. स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा सदस्य तिरंगे के बजाय भाजपा का झंडा फहरा रहे हैं. 53 साल तक उनके पूर्वजों ने तिरंगे का बहिष्कार किया और आज भी वे राष्ट्रीय ध्वज का अनादर करने से बाज नहीं आते.”
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक की शिकायत पर रायपुर के सिविल लाइंस थाने में दर्ज की गई. इसके बाद मामले को आगे की जांच के लिए धमतरी सिटी कोतवाली थाने भेज दिया गया.
उन्होंने बताया कि प्राथमिकी में कांग्रेस की सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म की अध्यक्ष श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर और ‘एक्स’ खाते ‘जेन जी ऑफ इंडिया’ का नाम शामिल है.
22 मार्च 2026 को धमतरी के कुरुद में हुए भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम कीतस्वीरो को 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह का बताकर पेश किया गया. शिकायतकर्ता के अनुसार, पोस्ट के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई कि भाजपा नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की जगह पार्टी का झंडा फहराया. इसी को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है.
शिकायतकर्ता ने पुलिस से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट, वीडियो, तस्वीरों, मैसेज और कमेंट समेत सभी डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने की मांग की है. साथ ही, इन पोस्ट का असली सोर्स, उन्हें कब और कहां से अपलोड किया गया और उससे जुड़ी तकनीकी जानकारी की जांच करने को कहा है.


