स्वतंत्र बोल रायपुर 5 जून 2026 । आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 की पुनः परीक्षा को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का पहले से निरीक्षण करने और सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी है, इसलिए योग दिवस से जुड़ी गतिविधियों का परीक्षा संचालन पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। परीक्षा केंद्रों तक विद्यार्थियों के आने-जाने और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
विद्यार्थियों को न घबराने की सलाह
मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा देने वाले छात्र किसी भी तरह का तनाव न लें और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।
20 जून को होगी मॉक ड्रिल
परीक्षा से एक दिन पहले 20 जून को सभी व्यवस्थाओं की मॉक ड्रिल कराई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी तैयारियों की जांच की जाएगी।
परीक्षा के प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट एयर फोर्स के माध्यम से पहुंचाए जाएंगे। इनके सुरक्षित रख-रखाव के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को विशेष तैयारी करने को कहा गया है। प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जाएंगे, जो परीक्षा दिवस पर सक्रिय रहेंगे।
19 शहरों में बनाए गए 127 परीक्षा केंद्र
बैठक में एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में NEET UG 2026 की पुनः परीक्षा 19 शहरों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रदेशभर में कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
उन्होंने सभी जिला प्रशासनिक अधिकारियों से परीक्षा के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय और आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का आग्रह किया।


