ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 300 किलो गांजा के साथ 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

300-kg-ganja-seized-three-interstate-smugglers-arrested

स्वतंत्र बोल

रायगढ़ 5 जुन 2026।
 नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की है।
 ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही इस खेप के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन सहित करीब 
1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से दो वाहनों में भारी मात्रा में गांजा भरकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले भेजा जा रहा है। सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू की।

ad

दोहरी नंबर प्लेट वाली इनोवा ने खोला राज

कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की। जांच में इनोवा वाहन पर ओडिशा और छत्तीसगढ़, दोनों राज्यों की नंबर प्लेट लगी मिली। दोहरी नंबर प्लेट देखकर पुलिस का संदेह गहरा गया और वाहनों की गहन तलाशी ली गई।

youtube

तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके पर मौजूद निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

1.50 करोड़ का गांजा, लग्जरी वाहन और आईफोन जब्त

पुलिस ने दोनों वाहनों से लगभग 300 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी एक्सएल-6 और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें दो आईफोन भी शामिल हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंका गया है।

अनूपपुर तक फैले नेटवर्क की तलाश

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। खुलासे के बाद पुलिस ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

मामले में थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस की विशेष टीम सरगुजा और अनूपपुर रवाना की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

  • निखिल कश्यप (23), निवासी रामानुजगंज, जिला बलरामपुर
  • रिंकु कश्यप (28), निवासी चिरगापारा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा
  • धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27), निवासी हराटोला, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)

जब्त सामग्री

  • लगभग 300 किलोग्राम गांजा
  • इनोवा क्रिस्टा कार
  • मारुति सुजुकी एक्सएल-6
  • 5 मोबाइल फोन (2 आईफोन सहित)

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबार में शामिल तस्करों के खिलाफ आगे भी लगातार और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।