इंस्टाग्राम से दोस्ती, मोटी सैलरी का ऑफर और 300 युवतियां… महादेव सट्टा ऐप के नए खेल से उड़े पुलिस के होश!

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 23 अक्टूबर 2026:
महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बीच इस अवैध नेटवर्क के संचालन के तरीकों में एक बड़ा बदलाव सामने आया है। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों के बढ़ते दबाव से बचने के लिए सट्टा नेटवर्क से जुड़े लोग अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए युवतियों से संपर्क साध रहे हैं।

ad

इंस्टाग्राम पर दोस्ती और फिर नौकरी का झांसा

जांच में खुलासा हुआ है कि सट्टा नेटवर्क के नए एजेंट पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से युवतियों से बातचीत कर उनका विश्वास जीतते हैं। इसके बाद उन्हें आकर्षक वेतन वाली नौकरियों का लालच दिया जाता है। झांसे में आने के बाद युवतियों को दूसरे बड़े शहरों में बुला लिया जाता है। आशंका जताई जा रही है कि इन युवतियों का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टेबाजी के संचालन, कॉलिंग और वित्तीय लेन-देन संभालने में किया जा रहा है।

youtube

300 युवतियों के दूसरे शहरों जाने से चौकन्नी हुईं एजेंसियां

रायपुर और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र की करीब 300 युवतियों के अचानक हैदराबाद, पुणे, मुंबई, बेंगलुरु और पश्चिम बंगाल जाने की सूचना ने जांच एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। पुलिस और ईडी अब इस बात की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं कि ये युवतियां किन परिस्थितियों में वहां पहुंचीं और क्या उन्हें वास्तव में सट्टेबाजी के अवैध कारोबार में धकेला गया है।

पुराने ऑपरेटरों पर कसा शिकंजा, तो बदला मॉडल

पुलिस और ईडी की बैक-टू-बैक रेड के कारण महादेव सट्टा ऐप के पुराने एजेंटों और ऑपरेटरों के लिए काम करना मुश्किल हो गया है। इसी दबाव के चलते गिरोह ने भर्ती का तरीका बदलते हुए नए और बेदाग चेहरों के जरिए अलग-अलग शहरों में बैठकर नेटवर्क चलाने की रणनीति बनाई है। एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि सोशल मीडिया पर इस पूरे भर्ती अभियान का मास्टरमाइंड कौन है।

पूर्व मैनेजर अतुल और फिरोज की भूमिका जांच के दायरे में

सूत्रों के अनुसार, इस पूरे संदिग्ध मामले में एक युवती के साथ-साथ फिरोज और अतुल नाम के दो व्यक्तियों की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में सामने आया है कि संदिग्ध अतुल पहले महादेव सट्टा ऐप में मैनेजर के पद पर काम कर चुका है। फिलहाल एजेंसियां इन सभी कड़ियों को जोड़कर नेटवर्क के इस नए गिरोह को ध्वस्त करने में जुटी हैं।