स्वतंत्र बोल
दुर्ग 07 मई 2026:दुर्ग में अवैध हथियारों के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। कुम्हारी पुलिस ने एक युवक को उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह खारून नदी के किनारे कथित तौर पर हथियार बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहा था।
मामला तब सामने आया जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे ब्रिज के नीचे एक संदिग्ध युवक सफेद बोरी लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान जो सामान मिला, उसने पुलिस को भी चौंका दिया।
आरोपी की पहचान रायपुर के कबीरनगर निवासी Avinash Ashtikar के रूप में हुई है। उसके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, करीब 2 लाख रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई और वह हथियार किसे बेचने वाला था? फिलहाल पुलिस इन्हीं बिंदुओं की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस को बरामद हथियार और नकदी से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में लगी हैं कि कहीं इस मामले के पीछे कोई बड़ा हथियार तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।


