क्या अब खत्म होगी जनशताब्दी की वेटिंग? रेलवे ने लिया बड़ा फैसला, रोजाना दर्जनों यात्रियों को फायदा

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 11 अक्टूबर 2026:
छत्तीसगढ़ में त्योहारी सीजन के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रायगढ़-गोंदिया जनशताब्दी एक्सप्रेस और रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने इन दोनों प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इस फैसले से प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों को बैठने की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी काफी बढ़ जाएगी।

ad

जनशताब्दी एक्सप्रेस में लगेगा अतिरिक्त सेकेंड सिटिंग कोच

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़-गोंदिया-रायगढ़ जनशताब्दी एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त सेकेंड सिटिंग कोच लगाने का फैसला किया गया है। इस अतिरिक्त कोच के जुड़ने से प्रत्येक फेरे में लगभग 72 अतिरिक्त यात्रियों को बैठने की जगह उपलब्ध होगी।

youtube

गाड़ी संख्या 12070 गोंदिया-रायगढ़ जनशताब्दी एक्सप्रेस में यह अतिरिक्त कोच 13 अक्टूबर से 30 नवंबर तक लगाया जाएगा। वहीं, गाड़ी संख्या 12069 रायगढ़-गोंदिया जनशताब्दी एक्सप्रेस में यह सुविधा 14 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक उपलब्ध रहेगी। यह सुविधा अस्थायी रूप से दी जा रही है, जिसका सीधा लाभ रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग रेलखंड के यात्रियों को मिलेगा।

हसदेव एक्सप्रेस में अतिरिक्त जनरल कोच की सुविधा

रेलवे ने रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस के सामान्य श्रेणी के यात्रियों के लिए भी बड़ा कदम उठाया है। ट्रेन में एक अतिरिक्त जनरल कोच जोड़ा जा रहा है, जिससे रोजाना लगभग 90 से 100 यात्रियों को सफर के लिए अतिरिक्त जगह मिलेगी।

गाड़ी संख्या 18249 रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस में 11 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक अतिरिक्त जनरल कोच लगाया जा रहा है। इसी तरह गाड़ी संख्या 18250 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस में यह सुविधा 12 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक मिलेगी। इस फैसले से रायपुर, बिलासपुर और कोरबा के बीच नियमित यात्रा करने वाले सामान्य श्रेणी के यात्रियों को भीड़भाड़ से काफी राहत मिलेगी।