18 साल के युवाओं के लिए बड़ा मौका! साल में 4 बार वोटर लिस्ट में जुड़ेगा नाम, जानें नया नियम

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 11 अक्टूबर 2026:
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ा सुधार किया है। अब 18 साल की उम्र पूरी करने वाले पात्र युवा साल में चार अलग-अलग तारीखों पर वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही, मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए बीएलओ (BLO) घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगे। इसके लिए शनिवार को रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के 259 बीएलओ और 26 सुपरवाइजरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

ad

साल में 4 बार मिलेगी नाम जुड़वाने की पात्रता

प्रशासनिक रिपोर्टर के अनुसार, अब युवाओं को वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने के लिए सिर्फ 1 जनवरी की तारीख का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नए प्रावधानों के तहत 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले सभी युवा आवेदन करने के पात्र होंगे। इसके अलावा, एसआईआर (SIR) के दौरान छूटे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और एएसडी सूची में दर्ज नामों की जांच का काम भी बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किया जाएगा।

youtube

एएसडी सूची की होगी कड़ी जांच, हटेंगे फर्जी नाम

बीएलओ और सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण शिविर में बताया गया कि एएसडी (ASD) सूची के अंतर्गत अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं के नाम दर्ज होते हैं। बीएलओ इन सभी मतदाताओं की मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करेंगे, ताकि किसी भी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में न रहे। मास्टर ट्रेनर संदीप ने इस दौरान सत्यापन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और उनके सटीक समाधान की विस्तृत जानकारी दी।

ईआरओ के सख्त निर्देश: कोई पात्र मतदाता न छूटे

रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) केएम अग्रवाल ने कहा कि मतदाता सूची का निष्पक्ष और पारदर्शी सत्यापन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र का नाम शामिल न हो सके। ईआरओ ने मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाने तथा संशोधन प्रक्रिया में मतदाताओं का मार्गदर्शन करने के निर्देश दिए।

स्कूल-कॉलेजों में वोटर अवेयरनेस क्लब का गठन

प्रशिक्षण कार्यक्रम में युवाओं और पहली बार वोट करने वाले मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। इसके तहत रायपुर के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में वोटर अवेयरनेस क्लब गठित कर छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व और वोटर आईडी बनवाने की नई प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की जानकारी दी गई।