मौत उगल रही गर्मी! 46 डिग्री के पार पहुंचा पारा, तेलंगाना में 51 और आंध्र में 16 लोगों की गई जान

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली  25 मई 2026:देश के कई राज्यों में गर्मी अब जानलेवा बनती जा रही है। तेलंगाना में भीषण लू और हीटवेव ने ऐसा कहर बरपाया कि एक ही दिन में 51 लोगों की मौत हो गई, जबकि पड़ोसी आंध्र प्रदेश में भी 16 लोगों ने दम तोड़ दिया। हालात इतने भयावह हैं कि कई जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और सड़कों पर दोपहर के वक्त सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है।

ad

तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में शनिवार को हीटस्ट्रोक से सबसे ज्यादा मौतें वारंगल जिले में दर्ज की गईं, जहां 23 लोगों की जान चली गई। लगातार बढ़ती मौतों के बाद राज्य सरकार में हड़कंप मच गया और सचिवालय में इमरजेंसी समीक्षा बैठक बुलाई गई।

youtube

राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों और मंडलों में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड हो रहा है, वहां तुरंत अलर्ट जारी किया जाए और लोगों को जागरूक किया जाए। मंत्री ने बस स्टैंड, बाजार, मुख्य सड़कों और मजदूरों वाले इलाकों में ठंडा पानी, छाछ और ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।

तेलंगाना के 15 जिलों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। सबसे ज्यादा 46.3 डिग्री तापमान कोठागुडेम जिले में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम 39.8 डिग्री तापमान नारायणपेट जिले में रहा। सरकार ने हीटवेव से मरने वालों के परिवारों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

वहीं महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी देश का सबसे गर्म इलाका बनकर सामने आया, जहां तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भीषण गर्मी के कारण लोग दिन में घरों से निकलने से बच रहे हैं। अस्पतालों में चक्कर आना, उल्टी, डिहाइड्रेशन और बेहोशी के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है।

मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। प्रशासन ने बुजुर्गों, बच्चों और मजदूरों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी है। लगातार बढ़ती गर्मी ने अब लोगों के बीच डर और बेचैनी का माहौल पैदा कर दिया है।