रायपुर में तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में डूबी राजधानी…

स्वतंत्र बोल
रायपुर 10 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को राजधानी रायपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा सुभाष स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, आम नागरिक और विद्यार्थी शामिल हुए।

ad

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश के 140 करोड़ लोगों के सम्मान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आजादी अनेक महापुरुषों के त्याग और बलिदान के बाद मिली है, इसलिए नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और शहीदों के योगदान से जोड़ना जरूरी है।

youtube

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह और जननायक गुंडाधुर के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद के समाधान की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि रायपुर के बाद अब प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों, स्कूलों और संस्थानों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। नक्सल प्रभावित दूरदराज के गांवों और स्कूलों तक भी यह अभियान पहुंचाया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तिरंगे को शांति और सद्भाव का प्रतीक बताते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा में शहीद हुए जवानों को नमन किया।

भाजपा की तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री साय और दोनों उपमुख्यमंत्री करीब 1500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ चले। यात्रा में घोड़ा-बग्घी भी आकर्षण का केंद्र रही। बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा सिद्धार्थ चौक, पुरानी बस्ती, कालीबाड़ी और महिला थाना चौक से होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंची।

पूरे रास्ते ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से राजधानी का माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा। कई जगहों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा में मंत्री ओपी चौधरी, गुरु खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा समेत भाजपा के कई नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक व विद्यार्थी शामिल हुए।