डॉ. वर्णिका शर्मा पहुंची खेल अकादमी, खिलाड़ियों से किया संवाद..व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश।

स्वतंत्र बोल
रायपुर 14 नवंबर 2025.  छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने खेल अकादमी के आवासीय परिसर में खिलाड़ी बालक और बालिकाओं से चर्चा कर उनकी समस्याओ की जानकारी ली। डॉ शर्मा को वहाँ उपस्थित आरचरी, एथेलेटिक्स, हॉकी और फुटबाल के खिलाड़ियों ने अपनी कई समस्याओं की तरफ उनका ध्यान आकर्षित किया। डॉ. वर्णिका शर्मा ने सीधे बच्चों के सामने खड़े होकर और उनके साथ बैठकर उनकी पूरी समस्याएं सुनी और वहाँ मौके पर उपस्थित खेल विभाग के अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।बातचीत में पता चला कि बच्चों के फुटबाल के मैदान का गोलपोस्ट नहीं लगा है और बच्चों को कुछ खेल सामग्री नहीं मिली है। अधिकारियों ने बताया कि ये सामग्री दो तीन दिन पहले ही पहुँची है। इस पर कड़े तेवर दिखाते हुए डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि ये सामग्री अब स्टोर रूम में पड़ी रहकर धूल न खाये ये सुनिश्चित करिए और सोमवार तक सारी सुविधाएं उपलब्ध कराईये। उन्होंने सोमवार को स्वयं वहाँ पहुँचकर निरीक्षण कर की गई कार्यवाही पूर्ण होने का प्रमाण देखने का वादा बच्चों से किया ।

बच्चों से बच्चों की बात शीर्षक से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने बहुत अधिक आनंद लिया और खुलकर हंसी-मजाक भी किया। खिलाड़ियों के साथ डॉ शर्मा ने गीत गाये और सामूहिक नृत्य भी किया। कुछ समस्याएं ऐसी भी पाई गई जिनका निराकरण मंत्रालय स्तर पर ही संभव था, जिसके लिए डॉ. वर्णिका शर्मा ने शासन स्तर पर खेल मंत्री से चर्चा कर निराकरण करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान खेल विभाग के अधिकारी , महिला एवं बाल विकास विभाग के बाल संरक्षण अमले के अधिकारी और संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ संयुक्त संचालक नंदलाल चौधरी उपस्थित थे।