स्वतंत्र बोल
रायपुर 16 जनवरी 2025. खाद्य एवं औषधि प्रसाधन विभाग के उपायुक्त पर विभागीय महिला कर्मचारियों ने गंभीर आरोप लगाया है। विभागीय महिला अधिकारी और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर उपायुक्त अजय शंकर कन्नौजे पर कार्यवाही की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में कर्मचारियों ने लिखा कि महिला कर्मचारियों से दुर्भावना रखते है, महिला कर्मचारियों को अपने कंप्यूटर में अश्लील पिक्चर दिखाते है और उसके नायक की तरह स्वयं को प्रदर्शित करते है। महिला अधिकारी और कर्मचारी उनके व्यवहार से परेशान है और महिलाओ की इज्जत और अस्मिता के लिए खतरा है। अक्टूबर 2024 में मुख्यमंत्री को भेजा गया शिकायती पत्र स्वास्थ्य सचिव से होकर नियंत्रक खाद्य औषधि प्रसाधन विभाग को जाँच करने पंहुचा है।

विभागीय महिला अधिकारियो ने शिकायती पत्र में और भी बेहद गंभीर आरोप लगाया है। जिसके अनुसार डॉ अजय शंकर कन्नौजे महिलाओ को प्रताड़ित करते है, जो उनकी बात नहीं सुनता उन पर अनैतिक दबाव बनाकर डिमोशन और ट्रासंफर करा देते है। एक वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी को पदोन्नति सूचि में सीनियर होने के बाद भी उसका डिमोशन कर दिया गया। कन्नौजे मूलतः स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी है, वे प्रतिनियुक्ति पर खाद्य एवम औषधि प्रसाधन विभाग में उपायुक्त पदस्थ है।
शिकायतों पर डॉ. कन्नौजे ने कहा कि उन्हें शिकायत की जानकारी नहीं है, जाँच होगी तो अपना पक्ष रखेंगे।


