स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 13 सितंबर 2026। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कोचिंग स्टाफ को पूरी तरह बदलने का फैसला किया है। फ्रेंचाइजी का कामकाज संभाल रहे को-ओनर जिंदल ग्रुप ने इस बदलाव के तहत पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को टीम का नया हेड कोच और दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह को असिस्टेंट कोच बनाने की तैयारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, गांगुली निवर्तमान कोच हेमंग बदानी की जगह लेंगे, जबकि युवराज सिंह पहली बार आईपीएल में कोचिंग की पारी शुरू करेंगे।
मालिकाना हक के बदलाव के साथ बदला स्टाफ
दिल्ली कैपिटल्स में हर दो साल में फ्रेंचाइजी के संचालन की कमान बदलती है। पिछले दो सीजन में को-ओनर जीएमआर (GMR) ग्रुप कामकाज देख रहा था, जिसने हेमंग बदानी को हेड कोच नियुक्त किया था। अब अगले दो सीजन के लिए को-ओनर जिंदल ग्रुप के मोर्चे पर आने के बाद कोचिंग स्टाफ में फेरबदल किया जा रहा है।
गांगुली की वापसी और युवराज का नया सफर
सौरव गांगुली इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स में डाइरेक्टर ऑफ क्रिकेट और मेंटॉर की भूमिका निभा चुके हैं, हालांकि पिछले दो सीजन से वह टीम से दूर थे। अब वह हेड कोच के रूप में वापसी कर रहे हैं। वहीं उनके साथ वर्ल्ड कप विजेता ऑलराउंडर युवराज सिंह असिस्टेंट कोच के रूप में जुड़ेंगे।
चमिंडा वास और अमित मिश्रा संभालेंगे गेंदबाजी
गेंदबाजी के सपोर्ट स्टाफ में भी दो बड़ी नियुक्तियां होने जा रही हैं। श्रीलंका के महान तेज गेंदबाज चमिंडा वास को टीम का तेज गेंदबाजी कोच बनाया जा रहा है। वास शुरुआती 3 सीजन में डेक्कन चार्जर्स के लिए 13 मैचों में 18 विकेट ले चुके हैं। वहीं दिल्ली के लिए आईपीएल और घरेलू क्रिकेट खेल चुके पूर्व भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा को स्पिन बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी दी जा रही है।
कोचिंग स्टाफ में हैट्रिक वीरों की भरमार
भले ही दिल्ली कैपिटल्स ने अभी इन नियुक्तियों का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन इस कोचिंग स्टाफ में हैट्रिक लेने वाले दिग्गजों का दबदबा है। सौरव गांगुली को छोड़कर बाकी तीनों कोचों ने एक से ज्यादा बार हैट्रिक ली है। चमिंडा वास ने वनडे में दो बार, अमित मिश्रा ने आईपीएल में सबसे ज्यादा 3 बार और युवराज सिंह ने आईपीएल में 2 बार हैट्रिक हासिल की है। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को भी अपने खेमे में शामिल किया है।


