कमर्शियल सिलेंडर ₹3000 के पार, होटल-ढाबों में मच गई हलचल, अब ‘थाली’ पर पड़ेगा सीधा असर

स्वतंत्र बोल
रायपुर , 01 मई 2026:
रायपुर में मई महीने की शुरुआत के साथ ही महंगाई ने बड़ा झटका दिया है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में ₹993 की भारी बढ़ोतरी के बाद अब होटल, रेस्तरां और ढाबों में खाना-पीना महंगा होना तय माना जा रहा है। इस अचानक आई बढ़ोतरी ने पूरे होटल कारोबार को हिला कर रख दिया है।

तेल कंपनियों द्वारा 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में इसकी कीमत ₹3000 के पार पहुंच गई है। इसका सीधा असर उन व्यवसायों पर पड़ेगा, जो रोजाना बड़ी मात्रा में गैस का इस्तेमाल करते हैं। होटल और कैफे संचालक अब अपने खर्चों को संतुलित करने के लिए मीनू कार्ड में बदलाव की तैयारी कर रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस बढ़ोतरी का असर सिर्फ बड़े रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छोटे ढाबों, टी-स्टॉल और नाश्ता केंद्रों तक भी पहुंचेगा। खासकर छोटे दुकानदारों के लिए लगभग ₹1000 की बढ़ोतरी एक बड़ा झटका है, जो उनकी रोज की कमाई को सीधे प्रभावित कर सकती है।

इसी के साथ घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ते अंतर ने एक नई चिंता भी खड़ी कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग लागत बचाने के लिए घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक काम में कर सकते हैं, जिससे कालाबाजारी बढ़ने का खतरा भी बना हुआ है। प्रशासन ने इस पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए हैं, लेकिन इसे पूरी तरह रोक पाना चुनौतीपूर्ण होगा।

कुल मिलाकर स्थिति यह बन रही है कि जहां घर का खाना फिलहाल उसी कीमत पर मिलेगा, वहीं बाहर खाने की ‘थाली’ अब आम आदमी की पहुंच से धीरे-धीरे दूर होती नजर आ रही है। होटल संचालकों का साफ कहना है कि अगर जल्द राहत नहीं मिली, तो मीनू कार्ड में बदलाव करना मजबूरी बन जाएगा।