पीपल के पेड़ के नीचे अचानक खाट पर बैठ गए CM साय, फिर गांव वालों ने जो कहा उसने अधिकारियों की बढ़ा दी टेंशन

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 16 मई 2026: जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम कोसला में शनिवार को उस समय अलग ही माहौल बन गया, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय अचानक गांव पहुंच गए। किसी बड़े मंच या भारी सुरक्षा घेरे के बजाय मुख्यमंत्री सीधे पीपल के पेड़ के नीचे लगी चौपाल में पहुंचकर खाट पर बैठ गए। इसके बाद जो संवाद शुरू हुआ, उसने गांव के लोगों को हैरान भी किया और अधिकारियों की चिंता भी बढ़ा दी।

ad

सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्रामीणों, महिलाओं और किसानों से सीधे बातचीत की। उन्होंने योजनाओं की जमीनी स्थिति जानी और लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कई मामलों में तुरंत समाधान के निर्देश भी दिए।

youtube

चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से अचानक पूछा, “पटवारी गांव में नियमित आते हैं या नहीं?” इस सवाल के बाद कुछ देर के लिए माहौल गंभीर हो गया। ग्रामीणों ने सकारात्मक जवाब दिया, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने पटवारी श्री शत्रुघन कुर्रे को साफ निर्देश दिए कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल निराकरण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का मकसद सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार गांवों तक पहुंचकर यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

चौपाल में ग्राम कोसला की श्रीमती सावित्री कश्यप ने मुख्यमंत्री को बताया कि महतारी वंदन योजना से हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से परिवार की जरूरतें पूरी करने में काफी मदद मिल रही है। वहीं गांव की “लखपति दीदी” श्रीमती नीमा तिवारी ने अपनी संघर्ष कहानी सुनाते हुए बताया कि बिहान योजना से मिली शुरुआती सहायता के बाद उन्होंने आटा चक्की व्यवसाय शुरू किया और आज पांच आटा चक्कियां संचालित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी जमकर सराहना की और अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से जानकारी ली। बताया गया कि पिछले ढाई वर्षों में ग्राम कोसला के 474 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास प्लस सर्वे के जरिए छूटे पात्र हितग्राहियों को भी योजना से जोड़ा जाएगा।

ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गांव में “महतारी सदन” निर्माण और हायर सेकेंडरी स्कूल भवन बनाने की बड़ी घोषणा भी की। इन ऐलानों के बाद गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला। महिलाओं और विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है, ताकि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के जरिए सरकार गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है।

इस दौरान वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव श्री रजत बंसल, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।