स्वतंत्र बोल
खैरागढ़ 03 जून 2026: जिले के प्रसिद्ध रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में बुधवार दोपहर एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घूमने और मस्ती करने पहुंचे तीन दोस्तों में से एक 17 वर्षीय किशोर अचानक गहरे पानी में समा गया। घंटों की तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
जानकारी के मुताबिक छुईखदान के तीन युवक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ समय तक घूमने के बाद तीनों ने जलाशय में नहाने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि तीनों को तैरना नहीं आता था, लेकिन इसके बावजूद वे पानी के गहरे हिस्से की ओर बढ़ गए। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से तीनों डूबने लगे।
हादसे के बीच दो युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन लक्ष्य पाल (17 वर्ष), पिता संजय पाल, गहरे पानी में चला गया। दोस्तों की आंखों के सामने वह पानी में डूबता चला गया और फिर दोबारा दिखाई नहीं दिया। यह मंजर देखकर दोनों युवक घबरा गए और मदद के लिए चीख-पुकार मचाने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल खोज अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जलाशय की गहराई अधिक होने और पानी के भीतर दृश्यता बेहद कम होने के कारण रेस्क्यू अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।
गुरुवार को उतरेगी SDRF की टीम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग से स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की टीम को बुलाया गया है। विशेष उपकरणों से लैस टीम गुरुवार को जलाशय में सर्च ऑपरेशन चलाएगी। अब सभी की निगाहें इस अभियान पर टिकी हैं, क्योंकि परिवार को अपने बेटे के बारे में किसी खबर का इंतजार है।
चेतावनियों के बावजूद नहीं थम रहे हादसे
छिंदारी बांध में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी यहां डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रशासन लगातार लोगों से गहरे पानी में न उतरने और सावधानी बरतने की अपील करता रहा है, लेकिन चेतावनियों को नजरअंदाज करने की वजह से ऐसे हादसे बार-बार सामने आ रहे हैं।
इस घटना के बाद लक्ष्य पाल के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में मातम और चिंता का माहौल है। वहीं बांध के किनारे खड़े लोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं—क्या लक्ष्य का कोई सुराग मिल पाएगा या छिंदारी बांध एक और परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लेगा?


