स्वतंत्र बोल
रायपुर 24 सितंबर 2026: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने गुरुवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए राष्ट्रीय सह महामंत्री और प्रदेश महामंत्रियों की नई नियुक्तियां जारी की हैं। इस फेरबदल के तहत कर्मवीर को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है, जबकि शिवप्रकाश को आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गोवा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
छत्तीसगढ़ में बदले चेहरे, अजय जामवाल और पवन साय को नई जिम्मेदारी
भाजपा द्वारा जारी नई सूची में अब तक छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी संभाल रहे राष्ट्रीय सह महामंत्री अजय जामवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ के संगठन महामंत्री के रूप में कार्यरत पवन साय को अब झारखंड की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा पार्टी ने मधुकर को आंध्र प्रदेश व तेलंगाना, पवन राणा को दिल्ली एवं हरियाणा तथा चंद्रशेखर को मध्य प्रदेश का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया है।
जानिए कौन हैं छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश महामंत्री कर्मवीर?
छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश महामंत्री नियुक्त किए गए कर्मवीर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने साल 1993 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। वे तहसील प्रचारक और नगर प्रचारक रहने के बाद उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी (आगरा) और अलीगढ़ के महानगर प्रचारक तथा मथुरा के जिला प्रचारक रहे।
संघ से भाजपा संगठन तक का ऐसा रहा सफर
संगठन कार्य में लंबा अनुभव रखने वाले कर्मवीर उत्तर प्रदेश के एटा, अलीगढ़ और बरेली विभाग के विभाग प्रचारक भी रहे। इसके बाद साल 2015 में उन्हें मेरठ प्रांत (पश्चिम उत्तर प्रदेश) का सह प्रांत प्रचारक बनाया गया और 2019 में उन्होंने ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। साल 2020 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) के रूप में कार्य शुरू किया। इसके बाद अगस्त 2022 से वे लगातार झारखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री (संगठन) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।





