युवा कांग्रेस में कन्फ्यूजन! पोस्टर से ‘प्रभारी’ गायब…

स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 अगस्त 2026 छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी डॉ. स्मृति रंजन लेंका आज रायपुर पहुंचे। उनके दौरे को लेकर संगठन के भीतर चर्चा का माहौल है। वजह है उनके स्वागत और कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर, जिनमें उन्हें ‘भारतीय युवा कांग्रेस का जनरल सेक्रेटरी’ बताया गया है, जबकि कहीं भी उनके ‘प्रभारी’ पद का उल्लेख नहीं किया गया है।

ad

यही वजह है कि उनके छत्तीसगढ़ के पहले दौरे को लेकर संगठनात्मक स्तर पर भी सवाल उठ रहे हैं। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए भी किसी बड़े औपचारिक कार्यक्रम की तस्वीर सामने नहीं आई।

youtube

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर जारी स्वागत पोस्टर में डॉ. स्मृति रंजन लेंका को राष्ट्रीय महासचिव, भारतीय युवा कांग्रेस’ बताया गया है। पोस्टर में उनके 17 अगस्त को छत्तीसगढ़ के प्रथम आगमन पर स्वागत की बात कही गई है।

इसी तरह तीन दिवसीय दौरे के कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर में भी उनका पद ‘General Secretary, IYC’ लिखा गया है। पोस्टर में 17 से 19 अगस्त तक के कार्यक्रमों की जानकारी दी गई है।

हालांकि, संगठन की ओर से उन्हें छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किए जाने की जानकारी सामने आ चुकी है। ऐसे में पोस्टर में प्रभारी पद का उल्लेख नहीं होना चर्चा का विषय बना हुआ है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार, लेंका 17 अगस्त को सुबह करीब 9:30 बजे ट्रेन से रायपुर पहुंचे। इसके बाद दोपहर 12 बजे से कांग्रेस भवन में युवा कांग्रेस चुनाव के उम्मीदवारों से मुलाकात का कार्यक्रम रखा गया है।

18 अगस्त को सुबह 10:30 बजे भी कांग्रेस भवन में उम्मीदवारों के साथ बैठक प्रस्तावित है। वहीं 19 अगस्त को YCEA टीम के साथ बैठक का कार्यक्रम है।

तीन दिनों के दौरे के दौरान चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनने की बात कही गई है।

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर पिछले कुछ समय से कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों की ओर से शिकायतें सामने आती रही हैं। चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी, तकनीकी समस्याओं और अन्य मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने भी शिकायतें रखी गई हैं।

ऐसे समय में नवनियुक्त प्रभारी का छत्तीसगढ़ दौरा काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि बैठकों के दौरान उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं की शिकायतों को सुना जाएगा और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विवादों की जानकारी ली जाएगी।

अब देखने वाली बात होगी कि तीन दिन के इस दौरे के बाद युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर उठ रहे सवालों पर संगठन की ओर से क्या रुख सामने आता है और क्या चुनावी प्रक्रिया में किसी तरह का बदलाव या सुधार किया जाता है।