अजय चंद्राकर का आरोप—कांग्रेस और टीएमसी के षड्यंत्र से मातृशक्ति में आक्रोश, बीजेपी चलाएगी बड़ा अभियान

स्वतंत्र बोल
रायपुर,20 अप्रैल 2026
। ‘नारी शक्ति’ के मुद्दे पर सियासत एक बार फिर तेज हो गई है और अब यह मामला सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं दिख रहा। बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस और टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि एक सुनियोजित रणनीति के तहत नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावित किया गया, जिससे देशभर की महिलाओं में नाराजगी बढ़ रही है।

चंद्राकर ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने मिलकर इस बिल को आगे बढ़ने से रोकने का काम किया। उनका कहना है कि यह सिर्फ राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि एक सोचा-समझा षड्यंत्र है, जिसका असर सीधे मातृशक्ति पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब महिलाओं में आक्रोश साफ दिखाई दे रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को अब जमीनी स्तर तक ले जाया जाएगा। बीजेपी इसको लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की तैयारी में है, ताकि आम लोगों तक यह संदेश पहुंचे कि आखिर इस बिल को लेकर क्या हुआ और किसकी भूमिका रही।

इसके साथ ही उन्होंने परिसीमन के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि जनसंख्या संतुलन के लिए यह जरूरी कदम था, लेकिन इस पर भी राजनीति की जा रही है। चंद्राकर ने यह भी कहा कि नक्सलवाद जैसे गंभीर विषयों पर भी विपक्ष की भूमिका सवालों के घेरे में है।

राजनीतिक गलियारों में इस बयान के बाद हलचल तेज हो गई है। अब नजर इस बात पर टिकी है कि क्या यह मुद्दा आने वाले दिनों में बड़ा राजनीतिक संघर्ष बनकर उभरेगा, या फिर आरोप-प्रत्यारोप के बीच कहीं दबकर रह जाएगा।