कोरिया के चरचा इलाके में हिंसक विवाद, 5 ग्रामीण घायल, दो की हालत गंभीर


स्वतंत्र बोल
कोरिया,20 अप्रैल 2026। शांत दिखने वाला बाजार पारा इलाका देर रात अचानक रणभूमि में बदल गया, जब पुरानी रंजिश ने ऐसा उग्र रूप ले लिया कि हर तरफ चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। रात करीब 10 बजे शुरू हुआ यह विवाद कुछ ही पलों में हिंसा में बदल गया और देखते ही देखते कई लोग हमले की चपेट में आ गए।

चरचा थाना क्षेत्र के चरचा कॉलरी स्थित बाजार पारा में दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद उस वक्त भड़क उठा, जब दोनों आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले कहासुनी हुई और फिर अचानक धारदार हथियारों के साथ ईंट-पत्थरों की बरसात शुरू हो गई।

इस हिंसक झड़प में कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को उठाकर रीजनल अस्पताल चरचा और जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अब भी सहमे हुए हैं और रात की उस घटना को याद कर भयभीत नजर आ रहे हैं।

चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी ने बताया कि यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है और दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव था। रविवार रात जैसे ही दोनों पक्ष आमने-सामने आए, विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों की तलाश जारी है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि इस हिंसा के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

अब सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ पुरानी रंजिश का नतीजा था या इसके पीछे कुछ और भी छिपा है, जिसका खुलासा अभी बाकी है।