10 साल बाद केरल की सत्ता पलटी! वीडी सतीशन बने नए CM, शपथ लेते ही मंच पर दिखा कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

स्वतंत्र बोल
तिरुवनंतपुरम 18 मई 2026:  केरल की राजनीति में बड़ा बदलाव हो गया है। एक दशक तक सत्ता पर काबिज वामपंथी सरकार का दौर खत्म करते हुए कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने सत्ता में वापसी कर ली है। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने सोमवार को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

ad

शपथ ग्रहण समारोह को कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया, जहां मंच पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

youtube

केरल के राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने वीडी सतीशन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेते ही पूरा स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा। इसके बाद राहुल गांधी ने मंच पर जाकर सतीशन को गले लगाकर बधाई दी।

बताया जा रहा है कि वीडी सतीशन के साथ उनकी पूरी 20 सदस्यीय कैबिनेट ने भी एक साथ शपथ ली। केरल की राजनीति में यह बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि लगभग छह दशक बाद ऐसा मौका आया है जब मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल एक साथ शपथ ले रहा है।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में UDF ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वामपंथी गठबंधन के 10 साल पुराने शासन को सत्ता से बाहर कर दिया। चुनाव नतीजों को कांग्रेस के लिए दक्षिण भारत में बड़ी राजनीतिक वापसी माना जा रहा है।

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक केरल में कांग्रेस की यह वापसी सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से भी बड़ा संदेश मानी जा रही है। अब सबकी नजर नई सरकार के फैसलों और सतीशन की अगुवाई में बनने वाली नई राजनीतिक रणनीति पर टिकी है।