स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 16 नवंबर 2026:भारतीय सेना अपने अधिकारियों के रैंक ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव के तहत ब्रिगेडियर का पद खत्म करने और कर्नल से सीधे मेजर जनरल के पद पर प्रमोशन की व्यवस्था लागू करने पर विचार हो रहा है। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, इस बदलाव का मकसद अधिकारियों के करियर में प्रमोशन की राह बेहतर करना, सिविल सेवाओं के साथ पद और वेतन के अंतर को कम करना और सेना की रैंक संरचना को सरल बनाना है। सेना इस प्रस्ताव को रक्षा मंत्रालय के माध्यम से आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के पास भेजने की तैयारी कर रही है। इसकी सिफारिशों को जल्द अंतिम रूप दिया जा सकता है। हालांकि, प्रस्ताव पर अंतिम फैसला सरकार को लेना है।
सेना के अफसरों को प्रमोशन में क्यों लगता है ज्यादा समय?
भारतीय सेना का मौजूदा रैंक ढांचा पिरामिड की तरह है। लेफ्टिनेंट कर्नल और उससे नीचे के पदों पर अधिकारियों की संख्या ज्यादा है, जबकि वरिष्ठ पद सीमित हैं। इससे प्रमोशन के अवसर कम होते हैं और अधिकारियों को अगले रैंक तक पहुंचने में लंबा इंतजार करना पड़ता है। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, सेना के अधिकारी मेजर जनरल के वेतन स्तर तक पहुंचने में औसतन 32 से 33 साल लगा देते हैं। वहीं, IAS, IPS और वन सेवा के अधिकारी समान स्तर तक 16 से 18 साल में पहुंच जाते हैं। इसी अंतर को कम करने के लिए रैंक ढांचे में बदलाव पर विचार किया जा रहा है।
2018 में भी उठा था ब्रिगेडियर पद खत्म करने का प्रस्ताव
ब्रिगेडियर का पद खत्म करने की संभावना पर पहले भी चर्चा हो चुकी है। 2018 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के कार्यकाल में हुए कैडर अध्ययन के दौरान इस विकल्प पर विचार किया गया था। हालांकि, उस समय इसे लागू नहीं किया गया। अब सेना इस प्रस्ताव को औपचारिक रूप से आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के सामने रखने की तैयारी कर रही है।
मेजर जनरल संभालेंगे ब्रिगेड की कमान
प्रस्ताव के अनुसार, ब्रिगेड की कमान अभी ब्रिगेडियर संभालते हैं। बदलाव लागू होने पर यह जिम्मेदारी मेजर जनरल को दी जा सकती है। मेजर जनरल डिवीजन स्तर की जिम्मेदारियां भी निभाते रहेंगे। प्रस्ताव में नियमित अधिकारियों के लिए मेजर जनरल को न्यूनतम रिटायरमेंट रैंक बनाने की संभावना भी शामिल है। इससे अधिकारियों के करियर में स्थिरता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
नौसेना और वायुसेना के रैंक पर भी पड़ सकता है असर
इस बदलाव का असर सिर्फ थल सेना तक सीमित नहीं रहेगा। भारतीय नौसेना में कमोडोर और भारतीय वायुसेना में एयर कमोडोर का पद ब्रिगेडियर के समकक्ष है। ऐसे में सेना के रैंक ढांचे में बदलाव होने पर तीनों सेनाओं के बीच पदों और जिम्मेदारियों के तालमेल पर भी विचार करना होगा। सेना अपने ऑपरेशनल ढांचे में भी बदलाव कर रही है। उसने पांच एकीकृत बैटल ग्रुप (IBG) और एक फायर सपोर्ट ग्रुप सक्रिय किए हैं। प्रत्येक IBG में करीब 5,000 जवान होते हैं। इसका आकार ब्रिगेड से बड़ा और डिवीजन से छोटा होता है। इनकी कमान मेजर जनरल के पास है।
प्रस्ताव लागू करने में क्या होंगी चुनौतियां?
ब्रिगेडियर का पद खत्म करने के प्रस्ताव को लागू करना आसान नहीं होगा। मौजूदा ब्रिगेडियर पदों का समायोजन करना होगा। इसके साथ ही नौसेना और वायुसेना के समकक्ष रैंक के साथ तालमेल बैठाना और कमांड की जिम्मेदारियां तय करना भी जरूरी होगा। इस प्रस्ताव से अधिकारियों के मनोबल और करियर की संभावनाओं को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इसे लागू करने का रास्ता आठवें वेतन आयोग को भेजी जाने वाली सिफारिशों और सरकार के फैसले से तय होगा।


