छत्तीसगढ़ में खून और खौफ की लहर! 48 घंटे में 11 मौतें, कहीं बेटे ने मां को मारा तो कहीं पेड़ों पर झूलती मिली लाशें


स्वतंत्र बोल
रायपुर,26 अप्रैल 2026:
छत्तीसगढ़ में बीते 48 घंटों के भीतर जिस तरह से अलग-अलग जिलों से हत्या, संदिग्ध मौत और हादसों की खबरें सामने आई हैं, उसने पूरे प्रदेश में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। एक के बाद एक सामने आ रही घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

राजधानी रायपुर से लेकर दूर-दराज के इलाकों तक, हर जगह से चौंकाने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं। सबसे ताजा मामला पत्थलगांव के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है, जहां एक बेटे ने पारिवारिक विवाद में अपनी ही मां की फावड़े से हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

इसी तरह दुर्ग जिले में भी दो अलग-अलग जगहों पर हत्याएं हुई हैं। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते एक युवक की टंगिया से हत्या कर दी गई, जबकि जेवरा सिरसा क्षेत्र में एक युवक का शव सुनसान जगह पर पत्थर से कुचलकर फेंका गया मिला। मृतक की पहचान बेमेतरा निवासी नारायण निषाद के रूप में हुई है।

दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में भी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां झाड़-फूंक के विवाद में बेटे ने अपनी मां की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वहीं दुर्ग के स्मृति नगर क्षेत्र में एक महिला ने अपने कथित प्रेमी की पत्नी और बच्चों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें मां और 8 साल के बेटे की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां घायल हैं।

उधर मोहला-मानपुर में एक भीषण सड़क हादसे ने दो महिलाओं की जान ले ली, जब तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। हादसे में 13 लोग घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।

इसी बीच बालोद जिले के पाकुरभाट गांव में युवक और महिला के शव अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके मिले हैं। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

वहीं जांजगीर-चांपा जिले में लापता लिपिक रामकुमार निर्मलकर की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। शव के दोनों हाथ बंधे होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया है। सवाल यह है कि आखिर अचानक अपराधों की यह लहर क्यों बढ़ती जा रही है? क्या इसके पीछे कोई बड़ी वजह है या यह महज संयोग है? फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है, लेकिन इन घटनाओं ने लोगों के मन में डर जरूर पैदा कर दिया है।