बिलासपुर में अचानक बदले मौसम ने ली मासूम की जान, आकाशीय बिजली की चपेट में दो बच्चे आए, एक की हालत गंभीर

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर, 11 मई 2026:
 कोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम निरतू के घासीपूंजी इलाके में शनिवार शाम आसमान से मौत बनकर गिरी बिजली ने पूरे गांव को दहला दिया। अचानक बदले मौसम के दौरान गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोर दीपक पटेल की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

ad

जानकारी के अनुसार दीपक पटेल, पिता राजेश पटेल, शनिवार शाम अपने घर के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। तभी मौसम अचानक बिगड़ गया, आसमान में तेज गर्जना और अंधेरा छाने के कुछ ही पलों बाद जोरदार आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दो बच्चे आ गए।

youtube

घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपक पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दूसरे बच्चे का इलाज जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

यह दर्दनाक हादसा हरि पटेल के घर के पास हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। एक पल में हंसता-खेलता बच्चा हमेशा के लिए छिन जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रविवार को सिम्स अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में अब भी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस अचानक हुए प्राकृतिक कहर को लेकर सहमे हुए हैं।