₹600 करोड़ का था टारगेट, रेलवे ने कबाड़ बेचकर आंकड़े को कैसे पार किया? जानिए नई जानकारी

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 9 नवंबर 2026:
भारतीय रेलवे ने 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक अपने ज़ोनल रेलवे, डिवीजनों, प्रोडक्शन यूनिट्स, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में ‘विशेष अभियान 6’ सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस अभियान के तहत स्वच्छता, कबाड़ के निपटान, ई-कचरा प्रबंधन, जगह के प्रबंधन, रिकॉर्ड प्रबंधन और लंबित मामलों के समय पर निपटान के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं।

ad

इस अभियान के अंतर्गत देश भर के रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, कार्यशालाओं और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में 1 लाख से अधिक स्वच्छता अभियान चलाए गए।

youtube

कबाड़ निपटान से ₹628.49 करोड़ की कमाई

भारतीय रेलवे ने कबाड़ के निपटान से कुल 628.49 करोड़ रुपये की कमाई की है, जो निर्धारित 600 करोड़ रुपये के लक्ष्य से अधिक है। इसके अलावा, कबाड़, बेकार हो चुकी सामग्री और अन्य अनावश्यक वस्तुओं को हटाकर कुल 6,20,121 वर्ग फुट जगह खाली कराई गई है।

ई-कचरे के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष जोर

इस वर्ष के अभियान में “ई-कचरे का प्रभावी संग्रह, पृथक्करण और निपटान” पर विशेष रूप से जोर दिया गया, जो इस बार का मुख्य केंद्र-बिंदु रहा। जिम्मेदार कचरा प्रबंधन की दिशा में कदम उठाते हुए 1.50 लाख से अधिक ई-कचरा इकाइयों का निपटान किया गया, जिससे 10.43 करोड़ रुपये की आय हुई। इसके साथ ही, भारतीय रेलवे ने पुरानी भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की व्यापक समीक्षा, जन शिकायतों और अपीलों के निपटारा, संसदीय आश्वासनों तथा वीआईपी संदर्भों से जुड़े लंबित मामलों पर त्वरित कार्रवाई की। इन पहलों का उद्देश्य रिकॉर्ड प्रबंधन में सुधार करना और एक स्वच्छ तथा कुशल कार्य वातावरण तैयार करना था।

‘रेल जन संवाद’ से मजबूत हुई नागरिकों की भागीदारी

विशेष अभियान 6 के तहत वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों और रेल उपयोगकर्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए ‘रेल जन संवाद’ का आयोजन किया गया। 22 अक्टूबर 2026 को देश भर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ यह कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिससे यात्रियों को रेलवे अधिकारियों के साथ सीधे अपने विचार और सुझाव साझा करने का अवसर मिला। रेलवे का यह विशेष अभियान परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने और संसाधनों के कुशल उपयोग के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।