स्वतंत्र बोल
भिलाई 15 जून 2026: दुर्ग जिले में सोमवार को एक ऐसा हादसा सामने आया, जिसने राहगीरों के रोंगटे खड़े कर दिए। बायपास रोड पर दौड़ रही एक कार अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई। कार में सवार एक ही परिवार के तीन लोगों ने जान बचाने के लिए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। कुछ ही पलों में कार का अगला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, परिवार कार से बायपास रोड होते हुए दुर्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन से धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए कार में बैठे तीनों लोग तत्काल बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
वीडियो में दिखा भयावह मंजर
घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सड़क किनारे खड़ी कार का अगला हिस्सा पूरी तरह आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है। वाहन से उठता काले धुएं का गुबार दूर से ही नजर आ रहा है। हादसे को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।
आखिर कैसे लगी आग?
फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक वजह जांच के बाद ही सामने आएगी।
गनीमत यह रही कि परिवार के तीनों सदस्य समय रहते कार से बाहर निकल गए। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो यह हादसा बेहद भयावह रूप ले सकता था।


