स्वतंत्र बोल
दुर्ग,12 मई 2026: छत्तीसगढ़ के भिलाई से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामूली घरेलू विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला भिलाई के रुआबांधा एचएससीएल कॉलोनी का है। जानकारी के मुताबिक 10 मई को घर के अंदर किसी बात को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।
इसी दौरान आरोपी मनोज यादव ने घर में रखे रापा से अपने बड़े भाई अशोक यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने अशोक के सिर और कनपटी पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घर के अंदर मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।
घायल अशोक यादव को पहले जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मौत के बाद पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


