वन विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 11 लाख की ठगी! एक साल तक घुमाता रहा शातिर, अब खुला बड़ा खेल

स्वतंत्र बोल
रायपुर 30 मई 2026:  राजधानी रायपुर में ठगी के दो बड़े मामलों ने लोगों को सतर्क कर दिया है। एक ओर वन विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 11 लाख रुपये की ठगी की गई, वहीं दूसरी तरफ चारधाम यात्रा के नाम पर एक बुजुर्ग से 90 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ad

वन रक्षक भर्ती के नाम पर 11 लाख का खेल

सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में सामने आए मामले में ग्राम सोनाखान वार्ड क्रमांक-2 निवासी प्रकाश ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई है कि डंगनिया बिजली ऑफिस के पास रहने वाले दीपराज गायकवाड़ ने वन विभाग में अच्छी पहचान होने का दावा किया और वन रक्षक भर्ती में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।

youtube

आरोप है कि इसी भरोसे के आधार पर 11 जून 2025 को उससे 11 लाख रुपये लिए गए। रकम लेने के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगवाने का आश्वासन देता रहा, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी नियुक्ति नहीं हुई।

पैसे मांगने पर करता रहा बहाने

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। लंबे समय तक इंतजार और आश्वासनों के बाद जब कोई समाधान नहीं निकला, तब प्रकाश ठाकुर ने सरस्वती नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

चारधाम यात्रा के नाम पर बुजुर्ग को बनाया शिकार

इसी बीच कोतवाली थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। शैलेन्द्र नगर निवासी 62 वर्षीय के. राजगोपाल ने पुलिस को बताया कि 11 मार्च को उन्हें एक फोन कॉल आया था।

फोन करने वाले ने खुद को ट्रैवल एजेंट बताते हुए केदारनाथ सहित चारधाम यात्रा बेहद कम खर्च में कराने का दावा किया। उसने यात्रा बुकिंग और टिकट व्यवस्था के नाम पर किस्तों में रकम जमा कराने को कहा।

12 दिन में ट्रांसफर करा लिए 90 हजार रुपये

शिकायत के अनुसार 11 मार्च से 23 मार्च के बीच आरोपी ने विभिन्न माध्यमों से कुल 90 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। पैसे मिलने के बाद न तो टिकट मिला और न ही कोई टूर प्लान।

काफी समय तक इंतजार करने के बाद जब आरोपी से संपर्क नहीं हो पाया, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नौकरी दिलाने, सरकारी भर्ती कराने या सस्ते टूर पैकेज का लालच देकर लोगों को ठगने वाले गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर नौकरी, भर्ती या यात्रा बुकिंग के नाम पर बड़ी रकम ट्रांसफर करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें, अन्यथा एक छोटी सी चूक लाखों रुपये का नुकसान करा सकती है।