स्वतंत्र बोल
राजनांदगांव,08 मई 2026: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने श्रद्धालुओं को हैरान कर दिया है। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा कराने के नाम पर 21 लाख रुपये की कथित ठगी का आरोप लगा है। मामला सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक अंबागढ़ चौकी की भोलेनाथ सेवा समिति ने छुरिया ब्लॉक के ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। समिति का कहना है कि आरोपी ने पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा कराने का भरोसा दिलाकर उनसे लाखों रुपये नगद वसूले और बाद में पूरा मामला फर्जी निकला।
बताया जा रहा है कि दिनेश साहू वही व्यक्ति है, जो हर साल अपने गांव में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का आयोजन कराता रहा है। इसी भरोसे में समिति ने उस पर विश्वास किया और 8 मई से 14 मई 2026 तक कथा आयोजन तय होने की बात मान ली। लेकिन अचानक जो सच सामने आया, उसने सभी को झकझोर दिया।
समिति के सदस्यों के मुताबिक उन्होंने दो किश्तों में 5 लाख और 16 लाख रुपये नगद दिनेश साहू को उसकी किराना दुकान में दिए थे। कथा की तैयारी भी जोर-शोर से शुरू कर दी गई थी। पोस्टर, बैनर और निमंत्रण पत्र तक छप चुके थे। इसी बीच जानकारी मिली कि उन्हीं तारीखों में पंडित प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम झारखंड के रांची में पहले से तय है।
सच्चाई पता करने समिति के सदस्य मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरश्वर धाम पहुंचे। वहां कथित तौर पर पंडित प्रदीप मिश्रा के कार्यालय से जो जानकारी मिली, उसने पूरे मामले की पोल खोल दी। समिति को बताया गया कि अंबागढ़ चौकी में होने वाली किसी कथा के लिए कोई राशि जमा ही नहीं कराई गई है।
इसके बाद समिति ने आरोपी से पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोप है कि वह लगातार टालमटोल करता रहा और रकम नहीं लौटाई। मामला बढ़ने पर शिकायत पुलिस अधीक्षक तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी दिनेश साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर मानते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर श्रद्धा और आस्था के नाम पर इतने बड़े खेल को कब तक अंजाम दिया जाता रहेगा।


