छत्तीसगढ़ में फिर मौसम का खतरनाक यू-टर्न… 20 से ज्यादा जिलों पर बारिश-बिजली का अलर्ट, अगले 5 दिन बढ़ सकती है मुसीबत

स्वतंत्र बोल
रायपुर,08 मई 2026:
  छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भीषण गर्मी से राहत के बीच अब बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। चेतावनी दी गई है कि कई इलाकों में अचानक मौसम बिगड़ सकता है, तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आ सकती हैं।

ad

पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। हालांकि गुरुवार को तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी भी रिकॉर्ड की गई। इसी बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश ने मौसम को बदल दिया।

youtube

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना भी जताई गई है। यानी लोगों को उमस और बदलते मौसम दोनों का सामना करना पड़ सकता है।

गुरुवार को चरमा में 3 सेंटीमीटर और गरियाबंद में 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं सबसे ज्यादा तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।

मौसम विभाग ने सुबह 10 बजे तक जिन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है उनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं। इन इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि प्रदेश के ऊपर एक नहीं बल्कि कई सक्रिय सिस्टम एक साथ प्रभाव डाल रहे हैं। दक्षिण मध्य प्रदेश, अंदरूनी ओडिशा और पूर्वी बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका की वजह से मौसम लगातार अस्थिर बना हुआ है। यही कारण है कि अचानक बारिश और तेज अंधड़ जैसी स्थिति बन रही है।

राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां आज दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है, क्योंकि अगले कुछ घंटे कई जिलों के लिए भारी पड़ सकते हैं।